अगली ख़बर
Newszop

दिल्ली में बीड़ी नहीं दिया तो घोंप दिया चाकू, बेहोशी की हालत में झाड़ी में फेंका; ऐसे बची जान

Send Push
नई दिल्लीः पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर में कथित रूप से बीड़ी देने से इनकार करने पर एक व्यक्ति को चाकू मारने को लेकर 16 साल के एक किशोर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार सुबह तब सामने आई जब आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ईआरवी) की टीम को नोएडा लिंक रोड पर झाड़ियों के पास कुत्तों का एक झुंड नजर आया।

पुलिस ने बताया कि जांच करने पर टीम को एक व्यक्ति बेहोश पड़ा मिला, जिसके पेट और छाती पर चाकू के घाव थे। पुलिस ने बताया कि इस व्यक्ति की पहचान स्थानीय निवासी कृष्ण साहनी के रूप में हुई जिसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। गनीमत यह थी कि समय पर उपचार मिलने पर उसकी जान बच गई।

होश में आने पर साहनी ने पुलिस को बताया कि एक लड़के ने बीड़ी देने से इनकार करने पर उस पर हमला कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुस्से में आकर किशोर ने उस पर कई बार चाकू से वार किया और भागने से पहले उसे झाड़ियों में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी लड़के को संजय लेक गार्डन से गिरफ्तार किया, जहां वह सो रहा था। अधिकारी का कहना है कि लड़के के पास से कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू मिला है। पूछताछ के दौरान, लड़के ने खुलासा किया कि उसने आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और नशे का आदी है। अधिकारी ने कहा कि घटना के समय वह गांजे के नशे में था। साहनी से बहस के बाद, वह अपने घर से चाकू लाया और जान से मारने के इरादे से उस पर हमला कर दिया।
न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें